Google Analytics Meta Pixel
छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले-कका अभी जिंदा है

छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के करार पर चल रही खींचतान के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक नया संवाद हवा में उछाला है। उन्होंने आज एक सार्वजनिक समारोह में कहा कि कका अभी जिंदा है। एक दिन पहले ही दिल्ली से लौटे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने सत्ता में बदलाव के संकेत दिए थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को राजधानी के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुंचे थे। यहां फार्मासिस्ट दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन था। मुख्यमंत्री के पोडियम पर पहुंचते ही ऑडिटोरियम की तीन-चार पंक्तियों में बैठे लोग भूपेश कका की नारेबाजी करने लगे। मुख्यमंत्री बोलने से पहले कुछ देर रुके। एक मुस्कान दी और सधे अंदाज में कहा- कका अभी जिंदा है।

बाद में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से भी इसको साझा किया। कहा जा रहा है, कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक स्थितियों में यह संवाद समर्थकों को संदेश देने की कोशिश है। अभी एक दिन पहले ही दिल्ली से लौटे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा था, मामला हाईकमान के पास विचाराधीन है। उस पर फैसला उनका विशेषाधिकार है। प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा, पंजाब में भी मुख्यमंत्री अचानक नहीं बदला, उसकी प्रक्रिया पहले से चल रही थी। बड़ा निर्णय था। सिंहदेव ने कहा, इससे साफ हो गया कि हाईकमान जो भी फैसला लेता है, वह कार्यरूप में आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *