मुकेश अंबानी की निजी संपत्ति 92.6 अरब डॉलर पर पहुंची
रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के चेयरमैन मुकेश अंबानी 100 अरब डॉलर के क्लब में शामिल होने के करीब पहुंच गए हैं। उनकी निजी संपत्ति इस समय 92.6 अरब डॉलर है। उनकी संपत्ति में इजाफा की मूल वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर्स में तेजी है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 19% बढ़ा
पिछले एक हफ्ते में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 19% बढ़ गया है। यह 2,065 रुपए से बढ़ कर 2,422 रुपए पर पहुंच गया। सोमवार को ही इसने एक साल का हाई भी टच किया। पिछले साल सितंबर में यह शेयर 2,368 रुपए पर था जो सोमवार को 2,479 रुपए तक चला गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे बड़ी कंपनी है। इसके चेयरमैन मुकेश अंबानी दुनिया में 12 वें नंबर के सबसे अमीर बिजनेसमैन हैं। एशिया में अंबानी अमीर बिजनेसमैन में पहले रैंक पर हैं।
जेफ बेजोस सबसे अमीर बिजनेसमैन
दुनिया में सबसे अमीर बिजनेसमैन अमेजन के जेफ बेजोस हैं। उनके बाद टेस्ला के एलन मस्क हैं। बिल गेट्स चौथे नंबर पर आते हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक, मुकेश अंबानी की संपत्ति में इस साल अब तक 15 अरब डॉलर की बढ़त हुई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप सोमवार को 15.64 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया था।
10 सितंबर को जियो फोन की लॉन्चिंग
दरअसल 10 सितंबर को जियो नेक्स्ट फोन की लॉन्चिंग है। यही कारण है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर्स में तेजी है। जियो के इस नए फोन की कीमत 3500 रुपए हो सकती है। इसके साथ ही एनर्जी बिजनेस और अन्य बिजनेस में भी मुकेश अंबानी निवेश करने वाले हैं। इसके अलावा रिलायंस के ऑयल से केमिकल बिजनेस में मुकेश अंबानी की हिस्सेदारी बेचने की योजना भी अंतिम चरण में है।