फीचर्डविदेश

यूएई ने भारतीय पासपोर्ट धारकों को दी बड़ी खुशखबरी

दुबई
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए बड़ा ऐलान किया है। भारत के ऐसे पासपोर्ट धारक जो 14 दिन से देश में नहीं थे, उन्हें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का पर्यटन वीजा मिल सकता है। कोरोना वायरस महामारी के कारण यूएई ने लंबे समय से अपने देश में भारत समेत कई देशों से लोगों के आगमन पर प्रतिबंध लगाया हुआ था।

इन देशों के नागरिकों को मिलेगी यह सुविधा
‘गल्फ न्यूज़’ की खबर के मुताबिक, यह सुविधा, भारत के अलावा, नेपाल, नाइजीरिया, पाकिस्तान, श्रीलंका और यूगांडा के लोगों को भी दी गई है। फिलहाल, कोरोना वायरस की वजह से सिर्फ यूएई के नागरिकों और उन यात्रियों को यूएई आने की इजाजत है जिन्हें वहां से दूसरी उड़ान लेनी है।

आगमन की शर्तों में ढील दे रहा यूएई
यूएई धीरे-धीरे आगमन की शर्तों में ढील दे रहा है। नई घोषणा के तहत उन भारतीय पासपोर्ट धारकों के पर्यटन वीजा को मंजूरी दी गई है जो पिछले एक पखवाड़े से देश में नहीं हैं। सभी हवाई यात्रियों को यूएई पहुंचने पर और पहुंचने के नौवें दिन आरटी-पीसीआर तरीके से जांच करानी होगी।

पाकिस्तान से भी लोगों को आने की इजाजत
इस बीच, यूएई ने कहा है कि वह पाकिस्तानी हवाई अड्डों, इस्लामाबाद, कराची और लाहौर से मुसाफिरों को आने देगा। इससे पहले पाकिस्तान के यात्रियों को यूएई के हवाई अड्डों से दूसरी उड़ान लेने की इजाजत थी। अमेरिका के जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के मुताबिक, यूएई में कोरोना वायरस के अब तक 7,08,302 मामले आए हैं और 2,018 लोगों की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *