Google Analytics Meta Pixel
Saturday, May 16, 2026
Latest:
खास खबरछत्तीसगढ़

मणिपुरम गोल्ड लोन बैंक में सशस्त्र लूट, कर्मचारियों के साहस से पकड़ाया एक लुटेरा

-लुटेरों से झड़प में बैंक के कर्मचारी को भी आई चोटें, दूसरा लुटेरा भी जल्द पकड़ा जाएगा- एसपी अग्रवाल
दक्षिणापथ, दुर्ग।
शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके पचरीपारा स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक में गुरुवार के दिनदहाड़े हथियार से लैस दो लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम दी, लेकिन बैंक कर्मचारियों के साहस ने एक लुटेरे को पकड़वाने में बड़ा काम किया। गिरफ्तार लुटेरा विनय बाफना 54 वर्ष पदमनाभपुर का निवासी बताया गया है। वह केटरिंग का कार्य करता है। वारदात के दौरान उसके हाथ में गंभीर चोट आई है। उसके पास से पुलिस ने एक पिस्टल और प्रेस परिचय पत्र बरामद किया है, वहीं लुटेरों के कार को भी बरामद कर लिया गया है। वारदात के दौरान लुटेरों से झड़प में बैंक के कर्मचारी को भी चोटें आई है। फरार दूसरे लुटेरे का फिलहाल कुछ पता नहीं चल पाया है। लूटेरे द्वारा बैंक से कुछ नगदी राशि लेकर फरार होने की खबर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शहर के चारों ओर कड़ी नाकेबंदी कर सरगर्मी से लुटेरे की तलाश कर रही है। वारदात के तत्काल बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची।

इससे बैंक कर्मचारियों को काफी मदद मिली। एसपी प्रशांत अग्रवाल, कोतवाली थाना प्रभारी राजेश बागड़े व पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। एसपी प्रशांत अग्रवाल ने कहा है कि लूट के मामले की जांच की जा रही है। पकड़े गए एक लुटेरे से पूछताछ चल रही है। एसपी श्री अग्रवाल ने कहा है कि पुलिस ने घटना के बाद सक्रियता बढ़ा दी है।जिससे फरार दूसरा लुटेरा भी जल्द पकड़ा जाएगा। बहरहाल दिनदहाडे हुए इस वारदात से बैंक कर्मचारियों के अलावा आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक लूट की यह वारदात गुरुवार के दोपहर 1 बजे के आसपास की है। पचरीपारा में ओम मेडिकल एजेंसी के ऊपरी हिस्से में मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक का कार्यालय है। बैंक में गुरुवार को भी आम दिनों की तरह कामकाज चल रहा था।

इस बीच हथियार से लैस दो व्यक्तियों ने बैंक में बलात् प्रवेश किया और बैंक कर्मचारियों पर सोना व नकदी राशि निकालकर देने के लिए पिस्टल लहरा कर डराया-धमकाया गया। जिससे बैंक कर्मचारी दहशत में आ गए। कुछ देर बाद एक बैंक कर्मचारी ने अपनी चतुराई व साहस का परिचय देते हुए बैंक के सेफ्टी अलार्म का बटन दबा दिया। जिससे बैंक में कोई वारदात होने की सूचना बैंक के हेड ऑफिस तक पहुंच गई । फलस्वरुप हेड ऑफिस के अधिकारियों ने वारदात की सूचना दुर्ग कोतवाली पुलिस को दी। इससे पुलिस भी तत्काल मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक के कार्यालय पहुंची। पुलिस की आहट से लुटेरे भयभीत हो गए। इस बीच एक लुटेरा मौके का फायदा उठाकर कुछ नकदी रकम लेकर फरार होने में सफल हो गया, लेकिन दूसरे लुटेरे को बैंक कर्मचारियों ने अपने साहस का परिचय देते हुए पकड़े रखा। जिससे पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। बताया गया है कि उक्त लुटेरे को हाथ में चोटे भी आई है, वहीं लुटेरों से झड़प में बैंक का एक कर्मचारी भी जख्मी हुआ है। फरार लुटेरे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शहर में कड़ी नाकेबंदी कर दी है। वारदात की खबर पर वार्ड के पार्षद ओमप्रकाश सेन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बैंक कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया और उनकी साहस की तारीफ की।