2018 के सैंडपेपरगेट विवाद पर 8 साल बाद फिर बहस छिड़ गई है
2018 के सैंडपेपरगेट विवाद पर 8 साल बाद फिर बहस छिड़ गई है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने उस्मान ख्वाजा के दावों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी बातें 100% सही हैं। वॉर्नर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर यह बात कही।
ख्वाजा ने अपनी आने वाली बुक सब्र में दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी सिर्फ स्टीव स्मिथ, वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी। उन्होंने यह भी कहा कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट से पहले गकेबरहा में खेले गए मुकाबले में भी सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ था।
ख्वाजा के मुताबिक, केपटाउन की घटना सामने आने के बाद उन्होंने पूरी टीम से सामूहिक जिम्मेदारी लेने को कहा था, लेकिन दो खिलाड़ियों ने इसका विरोध किया। वॉर्नर ने इसी मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि ख्वाजा पूरे टेस्ट में बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, फिर भी जांच के दौरान उनसे पूछताछ नहीं की गई।
