उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी बारिश आफत ला रही
उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी बारिश आफत ला रही है। दिल्ली और गुरुग्राम में गुरुवार को हुई भारी बारिश से कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। इससे सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
दिल्ली-जयपुर हाईवे, धौला कुआं, कालिंदी कुंज, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ग्रीन पार्क और एम्स समेत कई सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं। गुरुग्राम पुलिस ने निजी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की अपील की है।
उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा नदी वॉर्निंग लेवल के ऊपर बह रही है। लोगों को घाटों पर न जाने की चेतावनी दी गई है। चमोली में हेलंग के पास पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से बद्रीनाथ नेशनल हाईवे बंद है।
वहीं, देहरादून, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल में आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। रुद्रप्रयाग में तिलवाड़ा के पास पहाड़ से मलबा और पानी केदारनाथ हाईवे पर आ गया। इससे कई गाड़ियां कीचड़ और चट्टानों के मलबे में दब गईं।
