देश में फिल्मों के लिए बड़े पर्दे का आकर्षण फिर बढ़ रहा
देश में फिल्मों के लिए बड़े पर्दे का आकर्षण फिर बढ़ रहा है। मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जनवरी-जून 2026 के दौरान देश के मल्टीप्लेक्स बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में पिछले साल की तुलना में 21% की वृद्धि दर्ज की गई।
वहीं उद्योग से जुड़ी रिपोर्ट्स के मुताबिक कुल बॉक्स ऑफिस कारोबार में भी करीब 16-17% की बढ़ोतरी हुई है, जबकि सिनेमाघरों में आने वाले दर्शकों (फुटफॉल) में 10-12% का इजाफा हुआ। इसकी सबसे बड़ी वजह फिल्मों का मजबूत लाइनअप रहा। हिंदी में ‘धुरंधर 2’ और ‘बॉर्डर 2’ जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस को नई जान दी, वहीं तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्मों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। इससे साफ संकेत मिला कि दर्शक अब भाषा नहीं, अच्छी कहानी और सिनेमाई अनुभव को प्राथमिकता दे रहे हैं।
