इंग्लैंड कप्तान बोले—यह मेरे करियर का सबसे कठिन दौर था
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एशेज सीरीज में मिली 1-4 की हार के बाद अपने कप्तानी करियर के सबसे कठिन दौर का जिक्र किया है। स्टोक्स ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए इस दौर को कप्तानी यात्रा का सबसे मुश्किल समय बताया, लेकिन साथ ही फैंस को बेहतर प्रदर्शन का भरोसा भी दिलाया।
एशेज में करारी हार का असर
इंग्लैंड की टीम को ऑस्ट्रेलिया में खेले गए एशेज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले 2023 में घरेलू एशेज सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही थी। ऐसे में बैजबॉल रणनीति के बावजूद टीम दोनों ही मौकों पर एशेज जीतने में नाकाम रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में इंग्लैंड की आक्रामक बल्लेबाजी शैली कमजोर साबित हुई। दिलचस्प बात यह रही कि ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे प्रमुख गेंदबाज पूरी तरह उपलब्ध नहीं थे, फिर भी इंग्लैंड दबाव में नजर आया।
बैजबॉल पर उठे सवाल
कोच ब्रैंडन मैकुलम और कप्तान स्टोक्स की बैजबॉल रणनीति ने इंग्लैंड क्रिकेट में नई ऊर्जा भरी थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में यही आक्रामक अप्रोच टीम के लिए कमजोरी बन गई। दौरे के दौरान कप्तान और कोच के बयानों में भी अंतर देखने को मिला। जहां स्टोक्स दबाव में बेहतर प्रदर्शन की बात करते रहे, वहीं मैक्कुलम खिलाड़ियों से उसी आक्रामक सोच पर कायम रहने की अपील करते नजर आए।
