Google Analytics Meta Pixel
मनोरंजन

Nora Fatehi के गाने ‘सरके चुनर तेरी’ पर उठे सवाल

नोरा फतेही और संजय दत्त अभिनीत फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर तेरी’ रिलीज के बाद अपने आपत्तिजनक बोल और कोरियोग्राफी के कारण विवादों में है। बीते दिन अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने इस गाने की कड़ी आलोचना की थीं। उन्होंने बॉलीवुड पर ‘अश्लीलता’ की हदें पार करने का आरोप लगाया था। अब एक्टर रवि किशन ने इस गाने पर प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि ऐसे गानों को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर’ का उदाहरण भी दिया।

एक्टर ने दिया ‘धुरंधर’ का उदाहरण

अभिनेता और लोकसभा सांसद रवि किशन ने हाल ही में रिलीज हुए गाने ‘सरके चुनर’ के आपत्तिजनक लिरिक्स की निंदा करते हुए कहा कि समाज में ऐसे गानों को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए फिल्म ‘धुरंधर’ का उदाहरण दिया। रवि किशन ने कहा कि ‘धुरंधर’ एक ऐसी फिल्म है, जिसने बिना किसी अश्लीलता के हजारों करोड़ का बिजनेस किया।

रवि किशन बोले- ‘यह अच्छा विचार नहीं, मैं विरोध करता हूं’

रवि किशन का कहना है, ‘कोई भी अश्लीलता जो हमारी संस्कृति और मूल्यों को ठेस पहुंचाती है, उसे बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। अब फिल्म निर्माताओं को ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों पर भी विचार करना चाहिए, जो बिना किसी अतिरिक्त चीज के हजारों करोड़ का बिजनेस कर सकती हैं। इस देश में बिजनेस के लिए, किसी गाने को प्रमोट करने के लिए या किसी फिल्म का प्रचार करने के लिए ऐसी चीजें नहीं लाई जानी चाहिए। यह एक अच्छा विचार नहीं है। मैं इसका विरोध करता हूं’।

कंगना रनौत बोलीं- ‘बॉलीवुड पर लगाम लगानी होगी’

बता दें कि बीते दिन एएनआई से बात करते हुए कंगना ने कहा था, ‘बॉलीवुड ने अश्लीलता, हथकंडों और ध्यान आकर्षित करने के मामले में सारी हदें पार कर दी हैं। पूरा देश उनकी निंदा और आलोचना कर रहा है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि उन्हें कोई शर्म है। इस तरह की अश्लीलता और अभद्रता के प्रदर्शन पर और भी सख्ती बरतने की जरूरत है। मुझे लगता है कि बॉलीवुड पर कड़ी लगाम लगानी होगी।’

कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने किया यह आग्रह

बताते चलें कि कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से आग्रह किया है कि वह फिल्मों में ऐसे अश्लील बोलों को अनुमति देने के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, जिनमें महिलाओं का अपमानजनक चित्रण किया गया हो। CBFC के क्षेत्रीय निदेशक को लिखे एक पत्र में कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ में अपमानजनक और अश्लील बोलों के इस्तेमाल पर गंभीर चिंता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *