विश्वकप जीत का इनाम: सूर्यकुमार की टीम पर 131 करोड़ की बरसात, बाकी टीमों को कितना मिला?
न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने 96 रन से जीत हासिल की, जिसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपए के नकद इनाम की घोषणा कर दी है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस राशि में 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अन्य सपोर्ट स्टाफ को शामिल किया गया है।
पिछली बार से छह करोड़ ज्यादा
पिछली बार की तुलना में बीसीसीआई ने इस बार नकद इनाम में छह करोड़ रुपए का इजाफा किया है। इससे पहले भारतीय पुरुष टीम ने साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया था। उस समय विजेता टीम को 125 करोड़ रुपए का इनाम मिला था। इतना ही नहीं फाइनल मैच जीतने के साथ भारत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से दी जाने वाली 2.34 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 21.5 करोड़ रुपए) की विजेता राशि अपने नाम की, जबकि उपविजेता न्यूजीलैंड को 1.17 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 10.75 करोड़ रुपए) मिले।
