IDFC फर्स्ट बैंक के शेयर आज यानी 23 फरवरी को 16% गिरकर 70.09 रुपए पर बंद हुए
IDFC फर्स्ट बैंक के शेयर आज यानी 23 फरवरी को 16% गिरकर 70.09 रुपए पर बंद हुए। बैंक की चंडीगढ़ ब्रांच में ₹590 करोड़ का फ्रॉड सामने आने के बाद शेयर गिरे हैं। यह फ्रॉड हरियाणा सरकार से जुड़ी संस्थाओं के बैंक खातों में अनधिकृत ट्रांजैक्शन के जरिए किया गया है।
जितने का ये फ्रॉड है, वह बैंक के तीसरी तिमाही के मुनाफे ₹503 करोड़ से भी ज्यादा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा, “हम इस घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं, सिस्टम में कोई दिक्कत नहीं है।”
बैंक ने 4 कर्मचारियों को सस्पेंड किया
मामला सामने आते ही IDFC फर्स्ट बैंक ने चंडीगढ़ ब्रांच के 4 अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए इंडिपेंडेंट फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेटर के रूप में ‘KPMG’ को नियुक्त किया गया है।
