बेहद फूडी हैं प्रभास; मुंबई में शूटिंग के दौरान निर्देशक के लिए चेन्नई से मंगाया था खाना; दिलचस्प है किस्सा
अभिनेता प्रभास अपनी दमदार अदाकारी के लिए जाने जाते हैं। एक्टिंग के अलावा उन्हें खान-पान का काफी शौक है। यूं तो प्रभास काफी शर्मीले स्वभाव के हैं। मगर, इंटरव्यू में जब उनसे खाने को लेकर चर्चा की जाए तो वे इस पर खुलकर बोलते हैं। हाल ही में संतोष शोभन और मानसा वाराणसी ने अपनी हालिया रिलीज ‘कपल फ्रेंडली’ के प्रमोशन के दौरान प्रभास से बात की। इस दौरान बाहुबली एक्टर ने एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया।
मुंबई में शूटिंग और चेन्नई से मंगाया खाना
दरअसल, बातचीत के दौरान प्रभास ने बताया कि वे अपने चीट डेज पर दूसरे राज्यों का खाना ऑर्डर करते हैं। संतोष ने प्रभास से पूछा कि क्या यह सच है कि जब भी उनका मन करता है, वे दूसरे राज्यों का खाना भी मंगाते हैं। प्रभास ने इस बात की पुष्टि करते हुए एक उदाहरण भी दिया। उन्होंने खुशी से कहा, ‘जब मैं मुंबई में ‘आदिपुरुष’ की शूटिंग कर रहा था, तो वह मेरा चीट मील डे था। मैं ओम राउत के साथ था। मैंने उनसे कहा कि मुंबई नहीं, मैं उन्हें कहीं और से स्पेशल खाना मंगाकर खिलाऊंगा। मैंने कहा कि मैं चेन्नई का खाना मंगवा रहा हूं’।
