विशाखापट्टनम पेसा-सम्मेलन में मध्यप्रदेश की उल्लेखनीय उपलब्धि
पंचायत राज मंत्रालय भारत सरकार दिल्ली के तत्वावधान में भारत के दस आदिवासी बहुल राज्यों के विभित्र जनजाति समुदायों को आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम में पेसा महोत्सव के रूप में एक राष्ट्रीय मंच प्रदान किया गया। राष्ट्रीय पेसा दिवस पर यह महोत्सव गत सप्ताह उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्री प्रहलाद पटेल के मार्गदर्शन में अभिप्रेरित होकर मध्यप्रदेश के 152 सदस्यीय दल द्वारा यहां उल्लेखनीय भागीदारी की गई।
पंचायत राज संचालनालय के आयुक्त श्री छोटे सिंह ने बताया कि महोत्सव में मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल क्षेत्र के जनजाति समुदाय द्वारा विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। प्रदेश के 20 आदिवासी बहुल क्षेत्र से चयनित 9 जिले आलीराजपुर, झाबुआ, धार, बैतूल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, अनूपपुर, उमरिया एवं डिंडोरी से 152 सदस्य पेसा महोत्सव में शामिल हुए।
मैराथन पेसा रन प्रतियोगिता में 20 युवकों एवं 6 युवतियों द्वारा भाग लेकर 10 किलोमीटर की मैराथन में अपना शानदार प्रदर्शन कर निश्चित समय पर फिनिश लाइन पार की गई।
